स्वास्थ्यकर्मी के साथ हाथापाई की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारी।
- फोटो : SAHARANPUR
कोविड-19 टेस्टिंग टीम के साथ हाथापाई, गोली मारने की धमकी
सहारनपुर। आईएमए भवन में कोरोना की जांच कर रही कोविड-19 टेस्टिंग टीम के साथ जांच कराने पहुंचे एक व्यक्ति ने गाली-गलौज और हाथापाई की। आरोप है कि गोली मारने की धमकी भी दी। सीएमओ मौके पर पहुंचे और पुलिस को मौके पर बुलाकर तहरीर दी।
रविवार सुबह कोविड-19 टेस्टिंग टीम आईएमए भवन में जांच की तैयारियों में जुटी थी। इसी दौरान एक व्यक्ति जो बापूजी नगर का रहने वाला बताया गया है, परिवार के साथ पहुंचा। नाम लिखवाते ही उसने कहा कि पहले उसकी जांच करो। टेस्टिंग टीम ने नंबर आने पर ही जांच करने की बात कही। आरोप है कि इस पर व्यक्ति भड़क उठा और गाली गलौज करने लगा। शुभम नाम के कर्मचारी ने विरोध किया तो उसके साथ हाथापाई की गई। उसकी कमीज फाड़ दी। आरोप है कि गोली मारने की धमकी भी दी। हंगामा होने पर वह व्यक्ति टेस्ट कराए बगैर ही परिवार के साथ चला गया। सूचना पर सीएमओ डा. बीएस सोढ़ी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फोन के माध्यम से डीएम और एसएसपी को सूचना दी। कुछ देर बाद कोतवाली सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। सीएमओ ने बताया आरोपी अपने आधार कार्ड की फोटो कॉपी और मोबाइल नंबर लिखकर छोड़ गया था। इसी कारण सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मी प्रीतम की ओर से नामजद तहरीर दिलवाई।