अब कचहरी परिसर में रहेगी चिकित्सा सुविधा
सहारनपुर। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में अब एंबुलेंस के माध्यम से 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। सोमवार को एंबुलेंस का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान जिला अस्पताल के नोडल अधिकारी डाक्टर एके त्रिपाठी, सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष आदित्य अंगीरस ने सामूहिक रूप से न्यायालय परिसर के लिए मिली एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ किया। एसोसिएशन के महासचिव आदित्य सिंह एडवोकेट ने बताया कि एंबुलेंस सेवा के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर बीएस सोढ़ी और जनपद न्यायाधीश राजीव शर्मा से सामूहिक रूप से मांग की गई थी। राज्य सरकार द्वारा 108 एंबुलेंस सेवा को पूरे प्रदेश में लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों सहारनपुर में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देकर आकस्मिक चिकित्सा सेवा की सुविधा प्रदान कराने की मांग की गई थी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष आदित्य अंगीरस ने कहा कि न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, वादकारी, मुंशी, न्यायालय के कर्मी मौजूद रहते हैं, लेकिन आकस्मिक चिकित्सा सेवा हेतु सुविधा अब तक उपलब्ध नहीं थी। अब इस सुविधा के मिलने पर उन्होंने प्रदेश सरकार और जिलाधिकारी का धन्यवाद किया। साथ ही मांग की है किकचहरी परिसर में पीएचसी की स्थापना की जाए और जन औषधि केंद्र की स्थापना की जाए, ताकि सभी को सुविधा मिल सके। जिला जज राजीव शर्मा और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डाक्टर दीनानाथ ने शुभकामना दीं। इस दौरान प्रदीप मित्तल, रणधीर सिंह, इंद्रपाल सिंह चौहान, महिपाल सिंह, तेग सिंह पुंडीर, अभय सैनी, शीशपाल सिंह पुंडीर, अशोक पुंडीर, सिद्धार्थ शंकर त्यागी, सतीश ननदी, संजय वर्मा, कंवरपाल, सतीश सहजवा, जनक तोमर, अजय शर्मा, राजकुमार राणा, रवि तोमर, जयवीर पुंडीर, जीशान, चौधरी जानिसार, फैजान अली, महेश गुप्ता, मोहन सिंह चौहान, मनोज पुंडीर, जसबीर पंवार, नीरज सैनी, अमित मेहरा, सचिन, शहजाद, आदिल, आकिल, ताहिर, जमाल साबरी और नीरज तिवारी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।