निर्माण कार्य में लापरवाही पर भड़के मेयर
सहारनपुर। मेयर संजीव वालिया ने बुधवार को नगर निगम के निर्माण अधिकारियों को साथ लेकर वार्ड नं. 7, 66, 47 व 52 में सड़कों व नाला निर्माण आदि कार्यों का निरीक्षण किया। जहां सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग पाया गया, वहां उसके लिए उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। चेतावनी दी कि संबंधित दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी और ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड किया जाएगा, उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान वार्डों के पार्षद भी साथ रहे।
मेयर संजीव वालिया ने वार्ड नं. 7 में पार्षद नेपाल को साथ लेकर मिगनाली बिल्डिंग मेन रोड, नाला पटरी, आदर्श नगर, रघुनाथ मंदिर वाली गली, जाटव नगर धर्मशाला वाली गली, शारदा नगर पुल के नीचे रामचंद्रपुरी आदि का निरीक्षण किया। जबकि वार्ड 66 में पार्षद गुलशेर को साथ लेकर कलंदर शेख, नदीम कॉलोनी, फेम आर्ट वाली गली, मुजफ्फर मस्जिद के बराबर वाली गली, मदरसा वाली गली, मस्जिद के बराबर वाली गली आदि सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम के अधिशासी अभियंता निर्माण आलोक श्रीवास्तव, सहायक अभियंता दानिश नकवी व अवर अभियंता रामप्रसाद व अन्य पार्षद सुरेंद्र धवन आदि भी साथ रहे। निरीक्षण के दौरान ऐसी सड़क भी पाई गई, जहां एक महीने पहले ही निर्माण हुआ था और सड़क पर बजरी बाहर निकल आई थी। क्षेत्रीय लोगों ने शिकायत करते हुए ऐसी सड़कें दिखाई तो मेयर ने जेई से कहा ‘जवाब दो जेई साहब इन लोगों के सवालों का, आप लोग ये क्या करा रहे हैं? यदि आज मैं निरीक्षण पर नहीं आता तो आप तो ठेकेदार को पेमेंट करा देते ? यह कहते हुए उन्होंने जेई व एई को फटकार लगाई और अधिशासी अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो अधिकारी नहीं सुधरता उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई कराई जाए और घटिया निर्माण सामग्री लगाने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करिए।
इसके लगावा मेयर संजीव वालिया ने वार्ड 47 में पार्षद टिंकू अरोड़ा व वार्ड 52 में रिजवान अहमद को साथ लेकर नवाबगंज चौक वाली गली, मदरसे वाली गली, द्वारिकाधीश मंदिर वाली गली, मो. मिश्रान के अलावा आबकारी विभाग के सामने नवाबगंज में नाला निर्माण आदि का भी निरीक्षण किया। मेयर संजीव वालिया ने बताया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शुद्ध पानी का दुरुपयोग करने वालों पर भी होगी कार्रवाई: नगरायुक्त
सहारनपुर। पानी के दुरुपयोग को रोकने के लिए नगर निगम ने भी कमर कस ली है। नगरायुक्त ने पानी का दुरुपयोग करने वाले लोगों को चेतावनी दी कि वे अपनी कार्यप्रणाली सुधार लें अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि जो अवैध रूप से सबमर्सिबल चला रहे हैं और जमीन से शुद्ध पानी का जरूरत से ज्यादा दोहन कर रहे हैं, जल्द ही ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। नगरायुक्त ने कहा कि स्टार पेपर मिल व वाहनों के वाशिंग सेंटर चलाने वाले लोगों को चाहिए कि वे जमीन से अवैध रूप से शुद्ध पानी का दोहन न करें, बल्कि उसके लिए नगर निगम द्वारा उपचारित किये गए जल का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण प्रदेश शासन की प्राथमिकता में है। उन्होंने बताया कि स्कूलों व बड़े प्रतिष्ठानों में जल संरक्षण के लिए सर्वे कराया जा रहा है ताकि जिन प्रतिष्ठानों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं है, वहां उसे स्थापित किया जा सके।