- 12 दिन में हो चुकीं 123 मौत, 9478 संक्रमित मिले
- बीते वर्ष दिसंबर तक 119 मौत हुई, 10150 संक्रमित मिले थे
सहारनपुर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर कितनी खतरनाक है, इसे मई माह के महज 12 दिन के आंकड़े बतर रहे हैं। इन 12 दिनों में 123 लोगों की मौत हो चुकी हैं, जबकि बीते वर्ष 2020 अप्रैल से दिसंबर तक 119 मौत हुई थीं। लिहाजा लोगों को इस वक्त समझदारी दिखानी होगी, सावधानी बरतनी होगी और खुद के साथ दूसरों का भी ख्याल रखना होगा।
दरअसल, बीते वर्ष अप्रैल से दिसंबर तक सहारनपुर जिले में 10150 कोरोना संक्रमित मिले थे। सबसे ज्यादा संक्रमित सितंबर माह में सामने आए थे। बावजूद इसके दिसंबर आते आते स्थिति सामान्य हो गई थी और प्रतिदिन 30 से 40 संक्रमित मिल रहे थे। अब इस साल में अप्रैल माह आया तो संक्रमण तेजी से फैला।
पंचायत चुनाव के बाद स्थिति और बिगड़ती चली गई और आलम यह हो गया कि प्रतिदिन एक हजार से ज्यादा तक मरीज मिलने लगे। मई के महीने में तो हालत और ज्यादा खराब हुए और प्रतिदिन संक्रमितों के मिलने की संख्या में बढ़ोत्तरी के साथ ही मौत का आंकड़ा भी चढ़ता चला गया। आलम यह हुआ कि शहर के श्मशान घाट पर चिता की अग्नि ठंडी नहीं पड़ी।
अंबाला रोड स्थित श्मशान घाट पर रोजाना 15 से 20 तक अंतिम संस्कार हुए, जिनमें आठ से 10 कोरोना से मरने वालों के हैं। मई माह के 12 दिनों में 9478 संक्रमित मिल चुके हैं और 123 लोगों की मौत हो चुकी हैं। दोनों वर्ष के आंकड़े बताते हैं कि अब तक कुल 351 मौत हो चुकी हैं और 27833 संक्रमित मिल चुके हैं।
इस वर्ष एक से 12 मई तक की स्थिति
तिथि मौत संक्रमित मिले
01 मई -- 13 398
02 मई -- 12 937
03 मई -- 11 549
04 मई -- 07 499
05 मई -- 17 693
06 मई -- 13 880
07 मई -- 10 1171
08 मई -- 15 1207
09 मई -- 07 1431
10 मई -- 06 860
11 मई -- 07 502
12 मई -- 05 351