सहारनपुर के नगर निगम में एटीएम मास्क मशीन का उद्घघाटन करते मेयर व नगर आयुक्त
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जनता को कोरोना संक्रमण से बचाने और मास्क आसानी से उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने मास्क एटीएम लगाने की पहल की है। शुक्रवार को नगर में पांच मास्क एटीएम का लोकार्पण किया गया। इस एटीएम में पांच रुपये का सिक्का डालते ही एक मास्क निकलकर आएगा। इस व्यवस्था से जनता को सुविधा ही नहीं मिलेगी बल्कि निगम को भी फायदा होगा। निगम की नई योजना को शहर की जनता ने सराहा है।
नगर क्षेत्र में लगवाए गए मास्क एटीएम का लोकार्पण करते हुए महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि सहारनपुर नगर निगम प्रदेश का पहला नगर निगम है, जिसमें मास्क एटीएम लगे हैं। कोरोना काल में मास्क सभी के लिए जरूरी है। यह एटीएम उन लोगों के लिए मददगार साबित होंगे, जो बिना मास्क के घर से निकल आते हैं। कोरोना से बचने के लिए उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील जनता से की। मास्क एटीएम मशीन की निर्माता कंपनी वीपी इंडस्ट्रीज के निदेशक विनीत गोयल व प्रदीप टुटेजा ने बताया कि मशीन पूर्णत: स्वदेशी हैं और इनसे प्राप्त मास्क दोहरी परत का कॉटन निर्मित है। इस मास्क को धुलकर बार-बार इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मशीन से मास्क निकलते समय मशीन सैनिटाइजर की फुहार भी छोड़ती है, जिससे हाथ स्वत: साफ हो जाते हैं। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके त्रिपाठी, डॉ. कुनाल जैन, कर अधीक्षक विनय शर्मा, एसबी अग्रहरि और कई पार्षद मौजूद रहे।
यहां लगाए गए हैं मास्क एटीएम
- मास्क एटीएम महापौर कार्यालय, नगरायुक्त कार्यालय, हाउस टेक्स ऑफिस, नगर निगम के मुख्य गेट और जनमंच के बाहर लगाए गए हैं।