सहारनपुर के नकुड़ में व्हाट्सएप ग्रुप पर वर्ग विशेष के धर्म को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में व्यापारी पुत्र को रासुका में पाबंद करने के विरोध में हिंदू और व्यापारी संगठनों के लोगों ने शनिवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
विभिन्न संगठनों ने रामलीला भवन में हिंदू जागृति मंच के बैनर पर महापंचायत आयोजित कर भारी विरोध जताते हुए रासुका को तीन दिन में वापस न लिए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी। साथ ही राज्यपाल को संबोधित मांगपत्र एसडीएम को सौंपा।
नगर के व्यापारी पुत्र मयंक मित्तल पर वर्ग विशेष के धर्म को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में गत 22 जून को पुलिस प्रशासन द्वारा लगाए गए रासुका से हिंदू संगठनों सहित अन्य व्यापारी व सामाजिक संगठनों में रोष व्याप्त हो गया।
विरोध स्वरूप व्यापारियों ने शनिवार को अपने प्रतिष्ठान दिनभर बंद रखे। हिंदू जागृति मंच के आह्वान पर नगर के रामलीला भवन में आयोजित महापंचायत में हिंदू संगठनों सहित अन्य संगठनों की भारी भीड़ जुटी। भीड़ के मद्देनजर प्रशासन के हाथपांव फूले रहे।
महापंचायत में पहुंचे क्षेत्रीय सांसद बाबू हुकुम सिंह ने सपा सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाते मयंक मित्तल पर लगाए गए रासुका की निंदा की। उन्होंने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर प्रकरण की जानकारी देने तथा रासुका हटवाए जाने का आश्वासन दिया और लोगों से शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, शिवसेना के जिला प्रमुख योगेंद्र सिरोही, पालिका चेयरमैन धनीराम सैनी, भाजपा नेता पवन सिंह राठौर, प्रीतम सिंह गुर्जर, पद्म सिंह ढायकी, पवन रावल, रणधीर सिंह चौहान, राकेश वर्मा, डा. ओमपाल, अजय सिरोही तथा अरुण चौधरी आदि ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई कर सपा सरकार जानबूझ कर सांप्रदायिक उन्माद फैलाना चाहती है।
महापंचायत ने तीन दिन में रासुका न हटाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी। रासुका हटाए जाने की मांग को लेकर एसडीएम मनोज सिंह को राज्यपाल के नाम मांगपत्र भी सौंपा गया।
अध्यक्षता विहिप के जिलाध्यक्ष बालेश्वर शास्त्री तथा संचालन राजेश त्यागी ने किया। रिसीपाल चौधरी, राकेश गुप्ता, सुरेश जिंदल, विनीत शर्मा, नितिन चौधरी, भाजपा नेत्री रश्मि देवी, शिवकुमार गुप्ता, नरेंद्र सिंघल, सोहन गुप्ता, सुभाष बंसल, सुधीर गोयल, प्रदीप सिंघल, मनोज धनगर, विजय शंकर सैनी आदि ने भी विचार रखे।