रामपुर मनिहारान/ चिलकाना (सहारनपुर)। कोरोना कर्फ्यू में मिली छूट के दौरान बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी। खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने न तो दो गज की दूरी के फार्मूले का पालन किया और न ही बहुतों ने मास्क लगा रखे थे। सबसे ज्यादा भीड़ किराना वालों की दुकानों पर रही।
कोविड महामारी के चलते बाजार में आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए फल, दूध, सब्जी, किराना की दुकानों को सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक खोलने की अनुमति है, इस अवधि काल में बाजार में भीड़ ने सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा दी। रामपुर मनिहारान में तो जिन आवश्यक दुकानों को खोले जाने की अनुमति है, उनकी आड़ में अन्य दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर खड़े रहते हैं। ग्राहक आते ही दुकान खोलकर उन्हें समान देते रहते हैं।
चिलकाना में भी कोरोना कर्फ्यू में मिली छूट के दौरान कस्बे में सभी तरह की दुकानें खुली रही। सोशल डिस्टेंस की पूरी तरह धज्जियां उड़ाई गई। दुकानों पर सामान खरीदने वालों की भारी भीड़ रही। कहीं भी कोरोना नियमों का पालन नहीं हो रहा था। न तो किसी ने मास्क लगा रखे था और न ही सोशल डिस्टेंस का पालन किया जा रहा था। प्रतिबंधित दुकानें भी खुली हुई थी। यातायात भी सामान्य रूप से चलता रहा। दोपहर में पुलिस ने बाजार में पहुंच कर भीड़ को भगाया।