सहारनपुर। दिन भर धूप निकली, लेकिन शाम को मौसम का मिजाज बदल गया। धूल भरी आंधी चली तो, विद्युत लाइनों में भी फाल्ट आ गए। इससे शहर के साथ ही देहात क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बृहस्पतिवार को दिन भर मौसम साफ रहा था। तेज धूप निकली थी। शाम को साढ़े छह बजे पहले तो आसमान में बादल छाये। इसके बाद धूल भरी आंधी शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक आंधी चलती रही। शहर की सड़कों पर धूल का गुबार उड़ता नजर आया। आंधी का प्रभाव बिजली आपूर्ति पर पड़ा। शहर के कोर्ट रोड, मल्हीपुर रोड, जैन कॉलेज रोड, हकीककत नगर, अस्पताल रोड सहित कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसी तरह देहात क्षेत्र में भी कई जगह पर विद्युत लाइन में फाल्ट हुए। इस कारण देहात में भी अनेक गांवों में बिजली गुल हो गई।