जर्मनी और इटली वाले चखेंगे सहारनपुर के दशहरी का स्वाद
सहारनपुर। इस सीजन में स्वीडन के बाद अब जर्मनी और इटली वासी भी सहारनपुर के दशहरी आम का स्वाद चखेंगे। मैंगो पैक हाउस से प्रोसेस कर रविवार सुबह दशहरी आम की खेप जर्मनी और इटली भेजी गई है। दोनों देशों को 16-16 क्विंटल आम का निर्यात किया गया है। विदेश भेजी गई आम की यह दूसरी खेप है, इससे पहले मई के तीसरे सप्ताह में 19 क्विंटल आम स्वीडन भेजा गया था। इस तरह अब तक 51 क्विंटल आम बाहरी देशों को भेजा जा चुका है।
मंडी समिति परिसर स्थित मैंगो पैक हाउस से प्रोसेस कर आम को हर साल विदेश निर्यात किया जाता है। मैंगो पैक हाउस में सबसे पहले आम की ठंडे पानी से धुलाई होती है। इसके बाद उसे हाट वाटर से गुजारा जाता है। इसके बाद हॉट एयर ड्रायर से सुखाया जाता है। तब कहीं जाकर उसको वैपर हीट ट्रीटमेंट यानी वीएचटी दिया जाता है। इसके बाद आम को अच्छे से पैकिंग कर विदेश भेजने के लिए लोड कर दिया जाता है। मैंगो पैक हाउस से प्रोसेस कर पिछले वर्षों में आम को स्वीडन, इंग्लैंड, जापान, न्यूजीलैंड, जर्मनी, नेपाल, कोरिया, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात भेजा जाता रहा है।
मंडी सचिव अनिल कुमार ने बताया कि रविवार सुबह मैंगो पैक हाउस से प्रोसेस कर आम को इटली एवं जर्मनी भेजा गया है। दोनों देशों में 16-16 क्विंटल दशहरी आम निर्यात किया गया है। अभी आम निर्यात की शुरूआत है। जल्द ही अन्य देशों से भी ऑर्डर करने की उम्मीद है।
---------------
मैंगो पैक हाउस से हुआ आम निर्यात एक नजर में-
वर्ष-------------------मात्रा किलो में
2014-15--------------- 121841
2015-16--------------- 306241
2016-17--------------- 311586
2017-18--------------- 352297
2018-19--------------- 361595
-------------------
नवाब ब्रांड पर मिलता है अनुदान
उत्तर प्रदेश से नवाब ब्रांड के तहत आम निर्यात करने वाले निर्यातक को अनुदान दिया जाता है। इसमें ब्रांड प्रमोशन के साथ ही भाडा अनुदान भी शामिल है। नवाब ब्रांड से निर्यात किए जाने वाले आम के उत्पादक को छह रुपये ओर निर्यातक को दस रुपये प्रति किलो का अनुदान दिया जाता है। आम को समुद्री या हवाई मार्ग से विदेश भेजने पर 15 रुपये प्रति किलो भाड़ा अनुदान और सड़क मार्ग से विदेश भेजे जाने पर 7.50 रुपये प्रति किलो की दर से अनुदान दिया जाता है।
---------------------
- टीम ने किया मैंगो पैक हाउस का निरीक्षण
सहारनपुर। दिल्ली से आए एपीडा और प्लांट प्रोटेक्शन की टीम ने अधिकारियों ने रविवार को मैंगो पैक हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने मैंगो पैक हाउस की प्रोसेसिंग यूनिट के एक एक उपकरण को जांच की। उन्होंने पैक हाउस के वीएचटी प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान अमित कुमार सिंह, रजत, निशांत, मंडी सचिव अनिल कुमार, सुनील धीमान और प्रबंधक प्रेमचंद प्रसाद आदि मौजूद रहे।