महापंचायत में सीओ को ज्ञापन देते गणमान्य लोग
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। स्मैक समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री के खिलाफ सोमवार को मिर्जापुर में महापंचायत बुलाई गई, जिसमें पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। पंचायत में नशे के इस कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए गांव दर गांव जिम्मेदार लोगों की कमेटी करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही इस संबंध में सीओ की मार्फत मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
सोमवार को आयोजित पंचायत में वक्ताओं ने क्षेत्र में फैले इस नशा रूपी कोढ़ से अपनी युवा पीढ़ी को बचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर जमकर निशाना साधा। लोगों का कहना था, कि स्थानीय पुलिस इस काम मे ढिलाई बरत रही। क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों पर भी नशीले इंजेक्शन व गोली की बिक्री की बात कही गई।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीओ रामकरण सिंह को सौंपा गया। इस 6 सूत्रीय ज्ञापन में स्मैक तस्करों को पकड़ने के लिए टास्क फोर्स के गठन, बड़े तस्करों को दूसरे थानों की पुलिस से चिन्हित कराकर कार्रवाई कराने आदि की मांगें की गई। सीओ ने कहा कि सख्ती से इस मामले में अभियान चलाया जायेगा। यदि पुलिस की कहीं ढिलाई दिखाई देती है, तो वह उनको फोन पर सीधे शिकायत करें। महापंचायत को एमएलसी महमूद अली, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राव लईक, चौधरी साबान, हाफिज साजिद, मौलाना मुजीबुर्रहमान, कारी इनाम, फैसल अराफात, हाफिज फारुख, गय्यूर, जुबैर, राव शहजाद, महताब, शफीक अहमद आदि ने संबोधित किया।
मिर्जापुर में आयोजित महापंचायत में उमड़ी भीड़।- फोटो : SAHARANPUR