परिवहन कार्यालय में आयोजित सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में भाग लेते लोग
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत मंगलवार को सेव लाइफ फाउंडेशन के सहयोग से वर्चुअल माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम किया गया, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं को रोकने को लेकर जानकारी दी गई।
सेव लाइफ फाउंडेशन के विभिन्न प्रशिक्षकों द्वारा सड़क दुर्घटना की वर्तमान स्थिति, दुर्घटना के कारण तथा दुर्घटना को रोकने के उपायों पर प्रकाश डाला। वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के तरीके बताए गए, जिससे दुर्घटनाओं को रोका जा सके, साथ ही अंगदान के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश में लगभग पांच लाख अंगों की आवश्यकता होती है, जबकि दान करने वाले 1000 लोग ही आगे आते हैं। शरीर के आठ अंग किडनी, आंख, फेफड़ा आदि का सफलता पूर्वक प्रत्यारोपण किया जा सकता है। सड़क दुर्घटना में शरीर के विभिन्न अंगों की हानि होती है, ऐसे में अंगदान संबंधी जागरूकता किसी व्यक्ति की जान को बचा सकती है।
कार्यक्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राधेश्याम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आरपी मिश्रा, यात्री/मालकर अधिकारी खेमानंद पांडेय तथा बड़ी संख्या में वाहन चालक आदि शामिल रहे।