मां शाकम्भरी देवी को चढ़ने वाली 900 फिट लंबी चुनरी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मां शाकंभरी देवी को 900 फिट लंबी चुनरी अर्पित की जाएगी। 24 अप्रैल को राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी काली मंदिर से बैंडबाजों के साथ संगत चुनरी लेकर मां शाकंभरी देवी के लिए रवाना होगी। अगले दिन 25 अप्रैल को विशेष अनुष्ठान के साथ मां को चुनरी अर्पित की जाएगी।
इस चुनरी को राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी काली मंदिर और श्री औघड़दानी नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी कालेंद्रानंद महाराज और संगत ने विशेष आर्डर पर सूरत गुजरात से तैयार कराया है। लाल रंग की चुनरी में आकर्षक ढंग से सजाया गया। चुनरी में मोती और सिल्की से धागे से कढ़ाई भी कराई गई है। इसके साथ कई जगहों पर चुनरी पर जाय माता दी लिखा गया है। 24 अप्रैल की सुबह मंदिर में पूजा करने के बाद चुनरी को खोला जाएगा। कुछ दूर तक खुली चुनरी लेकर संगत चलेगी। इसके बाद वाहनों के जरिए चुनरी को लेकर जाया जाएगा। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने बताया कि 25 अगस्त को मां शाकंभरी देवी को चुनरी अर्पित करने के साथ विशेष अनुष्ठान होगा। इसके साथ ही शाकंभरी देवी मंदिर के पास देवी भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ किया जाएगा, जो दस तक निरंतर चलेगी और रोजाना भंडारे का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन पंडित आचार्य अजीत शर्मा, पंडित नीरज मिश्रा, पंडित ऋषभ शर्मा, पंडित योगेश तिवारी पूजन कराएंगे।