बिहारीगढ़। विद्युत वितरण उपकेंद्र फतेहपुर के वर्ल्ड बैंक फीडर से जुड़े शेरपुर, चानचक, महमदपुर, औरंगाबाद, शेखवाला, तकीपुर, आमवाला, पुरु का टांडा सहित दर्जनों गांवों के ग्रामीण काभी समय से बिजली संकट से जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ल्ड बैंक फीडर की लाइन अत्यधिक लंबी होने के कारण आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। इसका सबसे अधिक असर किसानों के ट्यूबवेलों पर पड़ रहा है। इससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि फीडर पर बार-बार आने वाली तकनीकी खराबियों के कारण घंटों तक बिजली गुल रहती है। कई बार ट्यूबवेल चालू नहीं हो पाते, जिससे खेतों की सिंचाई समय पर नहीं हो पाती। भीषण गर्मी के बीच घरेलू उपभोक्ताओं को भी लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण सतीश कुमार, मांगेराम, मोनी, सत्येंद्र समेत अन्य लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि इन गांवों को सतपुरा की ओर से आने वाली बिजली लाइन से जोड़ा जाए। उनका कहना है कि इससे लाइन का भार कम होगा और क्षेत्र के लोगों को नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
इस संबंध में एसडीओ फतेहपुर अमित कुमार का कहना है कि ग्रामीणों की मांग जायज है। शीघ्र ही लोड चेक कर ग्रामीणों की समस्या का हल किया जाएगा।