- कोर्ट के आदेश पर चार नामजद समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव नंदी फिरोजपुर निवासी व्यक्ति को उधार की रकम मांगने पर कुछ लोगों ने कमरे में बंद कर जहरीला पदार्थ पिला दिया। अब इस मामले में पुलिस को कोर्ट के आदेश पर चार नामजद सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज करना पड़ा।
थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव नौरंगपुर निवासी धर्मवीर सिंह ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया कि एक दंपती को 22 लाख रुपये उधार दिए थे। ये रुपये ससुर यशपाल सिंह की लगभग 35 बीघा कृषि भूमि व मकान की बिक्री से मिला था। ससुर की मृत्यु 19 अक्तूबर 2023 को हो गई थी। इसके बाद जमीन गुड्डी व रेखा के नाम दर्ज हुई थी। बाद में भूमि में से करीब 25 बीघा जमीन गांव पूजना के कुछ लोगों को बेची गई थी।
पीड़ित ने बताया कि रेखा, उसके पति सुनील व बेटे अमन व प्रियांशु ने सौदे में 22 लाख रुपये उधार लिए थे, जो दो महीने में लौटाने का वादा किया था। आरोप है कि षड्यंत्र रचकर पीड़ित को 25 जनवरी 2025 को अपने गांव बुलाया और वहां कमरे में बंद कर लिया। आरोप है कि शीशी से जबरन कोई जहरीला पदार्थ उसके मुंह में डाल दिया। अन्य लोगों ने छुड़ाया। 28 जनवरी 2025 तक इलाज चला। जब पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने एसएसपी को मामले की शिकायत की। इसके बाद पीड़ित कोर्ट में भी पहुंचा। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सुनील कुमार, रेखा, अमन, प्रियांशु और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है।