सहारनपुर। बेहट पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंकों से लोन लेकर बाइकें फाइनेंस कराने और दूसरे राज्यों में बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार किए गए, जबकि एक आरोपी मौके से भाग निकला। गिरोह के सदस्य भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके कागजात हासिल करते थे।
पुलिस लाइन में एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि थाना बेहट पुलिस रविवार को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोका गया। उनकी बाइक पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जब रजिस्ट्रे्शन नंबर को वाहन एप पर चेक किया गया तो वह फर्जी निकला। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाई। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम नौशाद उर्फ भूरा निवासी रांगड़ों का पुल थाना कुतुबशेर व समीर उर्फ शेरा निवासी मोहल्ला गुर्जरवाड़ा थाना देवबंद बताया।
उन्होंने बताया कि उनके अन्य चार साथी गंदेवड़ मार्ग पर एक खंडहर में छिपाई गई 13 नई बाइक की रखवाली कर रहे हैं, जिन्हें धोखाधड़ी कर फाइनेंस पर खरीदा गया था। वहां से पुलिस ने अनमोल निवासी शिव कॉलोनी थाना सरसावा, आदित्य निवासी शास्त्री विहार चिलकाना रोड व असद उर्फ चांद निवासी पठानपुरा थाना देवबंद को गिरफ्तार किया, जबकि इनका एक साथी मौके से भाग गया। पकड़ा गया नौशाद थाना कुतुबशेर का हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 बाइक और अवैध असलहा बरामद किया है।