सहारनपुर। रात में आई आंधी ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया। बिजली लाइनों के खंभे उखड़ गए। कई जगहों पर ट्रांसफार्मर भी गिर गए। बिजली लाइनों पर पेड़ टूट कर गिरने से रात भर डेढ़ सौ से ज्यादा गांवों की बत्ती गुल रही। सोमवार को दिन भर बिजली कर्मचारियों की टीमें लाइनों को साफ करने में लगी रहीं। सोमवार को दुपहर बाद ही अधिकतर गांवों में आपूर्ति सुचारु हो सकी।
रामपुर मनिहारान के 33/11केवी बिजली घर से जुड़े नगर, अबोली, टिपरा, मुंडीखेड़ी, कल्लरपुर गुर्जर, खानपुर, इस्लामनगर, जन्धेड़ा समसपुर आदि तीन दर्जन से ज्यादा गांवों की विद्युत आपूर्ति रविवार रात आई तेज आंधी व बारिश के बाद से ठप हो गई। आंधी इतनी तेज थी कि ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत पोल टूट गए और कई जगहों पर ट्रांसफार्मर भी नीचे आ गिरे। विद्युत लाइनों पर पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। दिन भर की मेहनत के बाद बिजली कर्मचारियों ने दुपहर बाद लाइनों पर से पेड़ हटा कर आपूर्ति चालू कराई। एसडीओ संजय सिंह ने बताया कि तेज आंधी से काफी नुकसान हुआ है। आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
छुटमलपुर क्षेत्र के फतेहपुर बिजलीघर से जुड़े कमेशपुर फीडर, वर्ल्ड बैंक फीडर, गणेशपुर फीडर, औरंगाबाद फीडर, अल्लीवाला फीडर से जुड़े पचास से ज्यादा गांवों की बिजली रात से गुल है। सोमवार शाम चार बजे तक भी इनकी आपूर्ति नहीं शुरू हो सकी। छुटमलपुर कस्बे और फतेहपुर की आपूर्ति दुपहर एक बजे बहाल कर दी गई थी। एसडीओ ने बताया कि सभी फीडरों पर कर्मचारियों की टीमों को लगाया गया है ।
गंगोह में भी आंधी के बाद नगर सहित साठ गांवों की बिजली रात गुल हो गई थी। पूरी रात लोग अंधेरे में रहे। सुबह पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो सकी। बारिश के चलते जल निकासी न होने से नगर की गलियों व सड़कों पर पानी भर गया। एसडीओ सतीश रावत ने बताया कि 33 केवी लाइन सिकंदरपुर बिजली घर की नथन भगत जी की समाधि वाली लाईन के दो खंभे टूट गए थे और दो खंभे नीचे झुक गए। इसके साथ ही कई जगहों पर पेड़ों की शाखाएं टूट कर गिरने से बिजली लाइन के तार टूट गए। दुपहर बाद साढ़े तीन बजे आपूर्ति चालू कर दी गई।
सरसावा से पिलखनी तक अंबाला रोड तथा अनेक ग्रामीण रास्तों में तेज हवा के चलते सड़क किनारे खड़े पेड़ों की टहनियां टूट कर विद्युत लाइनों पर गिर गई। जिससे कई जगह खंभे तथा विद्युत तार टूटने की जैसी समस्याएं सामने आई। तेज हवाओं के चलते विद्युत निगम द्वारा भी संभावित विद्युत हादसों को टालने के लिए आपूर्ति बंद कर दी गई थी स्थिति ये बनी कि सोमवार तड़के चार बजे बंद हुई विद्युत आपूर्ति सोमवार को 10 घंटे बाद दोपहर दो बजे जाकर सामान्य हो पाई। विद्युत निगम के एसडीओ राजकुमार ने बताया कि तेज हवा आंधी तूफान तथा बरसात ने विद्युत आपूर्ति को बाधित किया था जो बहाल कर दी गई।
रामपुर मनिहारान क्षेत्र में टूटा पड़ा बिजली का खंभा- फोटो : SAHARANPUR
बिजली लाइन पर गिरा आंधी में टूटा पड़ा पेड़- फोटो : SAHARANPUR