गागलहेड़ी (सहारनपुर)। थाना क्षेत्र के सैयद माजरा गांव के जंगल में पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ दिखने के बाद खेतों में काम कर रहे किसानों में अफरा तफरी मच गई। सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया। देर शाम तक भी तेंदुआ पिंजरे में नहीं आ सका था और मौके पर भारी भीड़ लगी थी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव सैय्यद माजरा में खेतों की तरफ गए किसानों ने तेंदुए को पेड़ पर चढ़ा देखा तो उनके होश फाख्ता हो गए। इसके बाद यह खबर पूरे गांव में फैल गई। बड़ी संख्या में लोग लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। तेंदुए की सूचना के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को हटा कर वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ पर चढ़े तेंदुए को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन टीम सफल नहीं हो पाई। उसके बाद वन विभाग की टीम ने खेत में ही पिंजरा लगाया और दूसरी साइड में जाल बिछा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान तेंदुआ एक पेड़ से उतर कर ईख के रास्ते होते हुए दूसरे पेड़ पर जा कर चढ़ गया।
देर शाम तक वन क्षेत्राधिकारी शरद गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर ही मौजूद थे ओर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास कर रहे थे। बता दें कि जंगल से पानी और भोजन की तलाश में भटक कर जंगली जानवर आबादी क्षेत्र में आ रहे हैं। गत वर्ष भी फरवरी माह में इसी गांव के पास के दूसरे गांव बुड्ढाखेड़ा के जंगल में मादा तेंदुआ और उसके दो शावक आ गए थे। इनमें से एक शावक को ग्रामीणों ने लाठी डंडों से पीट कर मार डाला था। मादा और दूसरे शावक को कई दिनों की मशक्कत के बाद पकड़ा जा सका था।