सरसावा। अवैध खनन की शिकायत पर जांच करने गए सदर तहसील लेखपाल पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट करते हुए कार से टक्कर मारी। सरकारी दस्तावेज तक फाड़े डाले। इस मामले में पुलिस ने चार नामजद सहित पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर तहसील के लेखपाल आकाश कुमार ने तहरीर देकर बताया कि 26 नवंबर को क्षेत्र के गांव झरौली में जांच के लिए गए थे। टोल प्लाजा के पास सड़क पर अवैध मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी मिली। उन्हें देखते ही चालक व उसके साथी ट्रैक्टर रोककर खड़े हो गए। लेखपाल ने रॉयल्टी पास मांगा तो चालक और उसके साथियों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल लेखपाल के साथ मारपीट की, बल्कि उनके द्वारा तैयार किए जा रहे सरकारी दस्तावेजों को भी फाड़ दिया। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही कार ने टक्कर मार दी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। कार से करीब पांच-सात लोग उतरे और गाली-गलौज करते हुए ट्रैक्टर को छुड़ाने का प्रयास किया। लेखपाल ने ट्रैक्टर का चेसिस नंबर और कार का नंबर नोट किया। इस मामले में पुलिस ने मोंटू बुढ़ाना, कान्हा कांबोज, सद्दाम, साबिर और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।