सहारनपुर। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य पद के लिए शनिवार को हुए चुनाव में जनपद में 96.87 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदाताओं ने बड़े ही उत्साह से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अपराह्न चार बजे तक चले मतदान के बाद चुनाव लड़ रहे पांचों प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया। जनपद के नानौता मतदेय स्थल पर शत प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान कर रिकॉर्ड कायम किया। दूसरे स्थान पर विकास खंड कार्यालय नागल मतदेय स्थल रहा। यहां पर 99.45 फीसदी मतदान हुआ। शाम को मतपेटियों को जैन कालेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करा दी गईं। मतगणना 12 अप्रैल को होगी। शनिवार को जनपद के दस मतदेय स्थलों पर मतदाताओं ने सुबह आठ बजे से ही मतदान करना शुरू कर दिया था। जनपद के 2396 मतदाताओं में से 2321 ने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 1352 पुरुष और 969 महिला मतदाता शामिल हैं। विधान परिषद की इस सीट के लिए पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। इनमें भाजपा की वंदना वर्मा और सपा के मोहम्मद आरिफ जौला के बीच मुख्य मुकाबला दिखाई दिया। इनके अलावा सुशील कुमार, प्रमोद आर्य और मोहम्मद जाहिद भी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में हैं। जनपद में मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। इस दौरान सभी मतदेय स्थलों पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहे।
नगर निगम मतदेय स्थल रहा वीआईपी
नगर निगम मतदेय स्थल पर जनपद के कई वीआईपी ने मतदान किया। इनमें जिला पंचायत चेयरमैन चौधरी मांगेराम, महापौर संजीव वालिया, विधायक मुकेश चौधरी, देवेंद्र निम, राजीव गुंबर एवं आशु मलिक, ब्लॉक प्रमुख बलियाखेड़ी सोनिया और ब्लाक प्रमुख पुवांरका मेहरबान आदि ने मतदान किया। एम्स नई दिल्ली में अपने किसी रिश्तेदार को भर्ती कराने गए सांसद फजलुर्रहमान मतदान नहीं कर सके।
जैन कॉलेज में रखी गई मतपेटियां
विधान परिषद की सीट के लिए शनिवार को मतदान अपराह्न चार बजे तक संपन्न हो गया। इसके बाद पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटियों को जैन कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करा दी गईं। मतगणना 12 अप्रैल को जैन कॉलेज में ही होगी।
जनपद के दस मतदेय स्थलों पर शनिवार को हुआ मतदान शांतिपूर्ण रहा। जनपद के 2396 मतदाताओं में से 2321 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मतपेटियों को जैन कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखवा दिया गया है। मतगणना 12 अप्रैल को होगी।
- आलोक शर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी।
विधान परिषद चुनाव में मतदान की स्थिति
मतदेय स्थल कुल मतदाता पडे़ वोट प्रतिशत
नगर निगम कार्यालय सहारनपुर 523 506 96.75
विकास खंड कार्यालय सढौली कदीम 199 193 96.98
विकास खंड कार्यालय मुजफ्फराबाद 242 238 98.35
विकास खंड कार्यालय देवबंद 192 189 98.44
विकास खंड कार्यालय रामपुर मनिहारान 142 137 96.48
विकास खंड कार्यालय नानौता 150 150 100
विकास खंड कार्यालय नागल 181 180 99.45
विकास खंड कार्यालय गंगोह 269 252 93.68
विकास खंड कार्यालय नकुड 229 217 94.76
विकास खंड कार्यालय सरसावा 269 259 96.28
योग 2396 2321 96.87
नोट: निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार।
लिस्ट में नाम तलाशते सांसद प्रदीप चौधरी- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान मतदान केंद्र पर फोर्स के साथ एसडीएम- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा में मत डालने को लाइन में लगे मतदाता- फोटो : SAHARANPUR