गंगोह। पूर्व भाजपा कार्यकर्ता कोमल गुर्जर की मां संतोष द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कोमल पर जमीन हड़पने, मारपीट और धमकी देने के आरोपों के मामले में नया मोड़ आ गया है। शनिवार को कोमल गुर्जर अपने पिता श्रीपाल सिंह के साथ कोतवाली गंगोह पहुंचीं और कुछ लोगों पर उनकी मां संतोष के अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस को दी गई तहरीर में श्रीपाल सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी संतोष कई दिनों से लापता है। उन्होंने गांव रंधेड़ी, बाढ़ीमाजरा, बिलासपुर और बरसी निवासी चार लोगों समेत कुछ अन्य व्यक्तियों पर साजिश के तहत उनकी पत्नी का अपहरण करने और परिवार को धमकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों द्वारा फोन पर भी धमकी दी गई कि उनकी बेटी कोमल गुर्जर का राजनीतिक भविष्य खराब कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिवार में जमीन को लेकर कोई विवाद नहीं है। जो जमीन है उसका आधा हिस्सा उनके नाम और आधा उनकी पत्नी संतोष के नाम है, उनका आरोप है कि कुछ लोग संतोष पर दबाव बनाकर कोमल गुर्जर के खिलाफ वीडियो जारी करवा रहे हैं।
वहीं कोमल गुर्जर ने पुलिस को बताया कि उनकी छोटी बहन के विवाह को लेकर माता-पिता के बीच कहासुनी हुई थी। उनकी मां नाराज होकर कहीं चली गई। इसके बाद कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया और उन पर दबाव बनाकर कोमल के खिलाफ वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर अपलोड किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।