सहारनपुर। डॉ. आंबेडकर चौक से लिंक रोड को होते हुए बेरीबाग तक सड़क के चौड़ीकरण का 90 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। इसी मार्ग के बीच में ढमोला नदी पर बनाए जा रहे पुल को 31 मार्च तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
लोक निर्माण विभाग ने पहले चरण में जिला अस्पताल से डॉ. आंबेडकर चौक तक सड़क का चौड़ीकरण किया है। अब आंबेडकर चौक से आगे लिंक रोड को होते हुए बेरीबाग तक चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसके लिए तमाम अतिक्रमण हटाया गया है।
जो बिजली के खंभे सड़क के दायरे में आ रहे थे उनको हटाकर साइड में किया जा रहा है। फिलहाल दो जोड़े हैं, जिनको हटाया जाना बाकी है। पुल का भी स्लैब का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
पुल की दोनों ओर की एप्रोच रोड बनाया जाना बाकी है। 31 मार्च तक पुल को चालू कर देने की बात अधिकारी कह रहे हैं।
उधर, लोक निर्माण विभाग जिला जेल के सामने से बेरीबाग को होते हुए नवाबगंज तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण एक महीने पहले ही करा चुका है।