सहारनपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहली बार दूरबीन विधि से गुर्दे की पथरी के ऑपरेशन शुरू हो गए हैं। अब बिना चीरा लगाए ही मरीजों का सफल ऑपरेशन हो सकेगा। इसके साथ ही मरीजों को निजी अस्पतालों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। अब तक 10 से 15 मरीजों के बीच ऑपरेशन हो चुके हैं।
शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज में मौसम के चलते मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सुबह आठ बजे से मरीजों की टोकन रजिस्ट्रे्शन कराने के लिए लाइन लगती है। इसके बाद ओपीडी का समय समाप्त होने तक मरीजों की लाइन लगी रहती है। जिले के विभिन्न हिस्सों के अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों के लोग इलाज कराने आते हैं। ओपीडी में गुर्दे की पथरी के मरीज बढ़ रहे हैं। अभी तक मेडिकल कॉलेज में बिना दूरबीन विधि के गुर्दे की पथरी का ऑपरेशन होता था। इसमें मरीजों को छह से 10 इंज का चीरा लगाना पड़ता था, लेकिन अब दूरबीन विधि से मरीजों के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। यह सुविधा पहली बार ही शुरू हुई है। इसमें मरीज को एक सेंटीमीटर का छेद बनाकर ऑपरेशन होता है। मरीजों को राहत मिली है।
निजी अस्पतालों में नहीं होगी जेब ढीली
प्राइवेट अस्पतालों में गुर्दे की पथरी के ऑपरेशन के लिए हजारों रुपये खर्च आता है। मेडिकल कॉलेज में अधिकतर वह मरीज आते हैं, जो निजी अस्पताल में ऑपरेशन का खर्च नहीं उठा पाते। इस कारण वह कई माह ऑपरेशन के लिए रुपये जमा करते हैं, लेकिन तब तक वह बीमारी और बढ़ जाती है।
वर्जन
मेडिकल कॉलेज में दूरबीन विधि से गुर्दे की पथरी के ऑपरेशन की सुविधा शुरू हो गई है। अब तक 10 से अधिक दूरबीन विधि से सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।
- डॉ. सुधीर राठी, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज