पुलिस गिरफ्त में कंवरसैन हत्याकांड के आरोपी।
- फोटो : mathura
रामपुर मनिहारान। क्षेत्र के गांव मल्हीपुर में हुए कंवरसैन (25) हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मेले में गाली-गलौज होने पर तीन दोस्तों ने कंवरसैन की हत्या की थी। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी नहीं पकड़ गया है।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि गांव मल्हीपुर में 26 अगस्त को म्हाड़ी मेला लगा था। मेले में गांव का ही कंवरसैन भी गया था। यहां तीन लोगों से कंवरसैन की कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।
उसी दिन परिजनों व ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मल्हीपुर रोड पर जाम लगाया था। पुलिस ने मृतक के भाई सुनील कुमार की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। शुक्रवार को पुलिस ने मल्हीपुर क्षेत्र से हत्यारोपी मोहम्मद सुहैल निवासी मोहल्ला मेहंदी सराय व शंशात बर्मन निवासी आशीर्वाद कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। इनका तीसरा साथी पुलिस की पकड़ से दूर है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो चाकू भी बरामद किए हैं।