सहारनपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्य स्थानों पर वॉच टावर लगाकर पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा जो दूरबीन से दूर तक निगरानी करेंगे। भीड़-भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। पूरे मार्ग पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। साथ ही पुलिस एवं प्रशासन के आला अधिकारी हेलीकाप्टर से भी कांवड़ मार्ग की निगरानी करेंगे। फायर ब्रिगेड को भी जगह-जगह तैनात की जाएंगी।
कांवड़ की सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने फुल प्रूफ प्लान तैयार कर लिया है। काली नदी से लेकर शाहजहांपुर चौकी तक सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी चार्ट तैयार किया गया है। दिल्ली की ओर जाने वाले कांवड़ियों के लिए प्रयास किया जाएगा कि शहर और हाइवे की बजाय गंग नहर कांवड़ मार्ग पटरी से होकर जाएं। विशेष परिस्थितियों में भगवानपुर से ही फतेहपुर रूट की ओर कांवड़ियों को डायवर्ट कर दिया जाएगा।
जिले की पुलिस के अलावा आसपास के जनपदों से भी कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए लगभग पांच सौ अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की डिमांड की गई है। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर एसपी यातायात अपर्णा गुप्ता को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
डायल-100 एवं एंबुलेंस भी रहेगी तैनात
कांवड़ मार्ग पर यूपी-100 की गाड़ियों के अलावा एंबुलेंस और पुलिस की पिकेट रहेगी। बड़ी नहर पर कांवड़िए रुक कर नहाते हैं वहां पर सावधानी का बोर्ड लगाया जाएगा और गोताखोर भी तैनात किए जाएंगे।
हेलीकाप्टर से भी होगी कांवड़ मार्ग की निगरानी
कांवड़ मार्ग पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी तो रहेगी ही, अधिकारियों की लगातार पेट्रोलिंग भी रहेगी। पुलिस एवं प्रशासन के उच्चाधिकारी हेलीकॉप्टर से भी कांवड़ मार्ग की निगरानी करेंगे। संवेदनशील स्थानों पर एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी।
200 से अधिक लगाए जाएंगे सीसीटीवी
नोडल अधिकारी एसपी यातायात अपर्णा गुप्ता ने बताया कि काली नदी से लेकर शाहजहांपुर चौकी तक जगह-जगह सीसीटीवी लगाए जाएंगे। इसके अलावा कांवड़ शिविरों में भी कैमरे लगाए जाएंगे। शहर और कांवड़ मार्ग पर लगभग दो सौ कैमरे लगाए जाएंगे। जिसका कंट्रोल रूम पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में बनाया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी को मोबाइल से भी जोड़ा जाएगा, जिससे हर जगह निगरानी की जा सके।
तीन जगह लगेंगी एलईडी
कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुलिस प्रशासन ने तीन स्थानों पर एलईडी लगाने का निर्णय किया है। इनमें एक एलईडी गागलहेडी में, दूसरा राकेश केमिकल फैक्ट्री के पास और तीसरा एलईडी घंटाघर पर लगाया जाएगा। एलईडी से कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगे सीसीटीवी से कनेक्ट होकर सीधा प्रसारण देखा जा सकेगा।