कलसिया में गोशाला का निरीक्षण करती ज्वांइट मजिस्ट्रेट प्रणता ऐश्वर्या।
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार की देर शाम ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रणता ऐश्वर्या ने कलसिया स्थित गोआश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान 6 गोवंश कम मिले, जबकि 4 गोवंश बीमार हालत में थे। गोवंश के रखरखाव व पशुदान दिए जाने संबंधी कोई रिकार्ड नहीं भी नहीं था। आश्रय स्थल पर गंदगी फैली हुई थी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तहसीलदार प्रकाश सिंह के साथ गोआश्रय स्थल का निरीक्षण करने पहुंची। यहां मौजूद पशु चिकित्साधिकारी साढ़ौली कदीम से उन्होंने गोवंश की संख्या के बारे में पूछा तो उन्होंने 117 बताई, जबकि गिनती में 111 गोवंश ही मौके पर मिले। 6 गोवंश कहां है, इस संबंध में पशु चिकित्साधिकारी कोई संतोष पूर्वक जवाब नहीं दे पाए। गोवंश के रखरखाव और पशुदान से संबंधित रिकॉर्ड दिखाने के लिए कहने पर पर भी पशु चिकित्साधिकारी के द्वारा कोई रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया गया। ग्राम प्रधान से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सक पर्याप्त देखभाल और दवाई की व्यवस्था नहीं करते हैं। लेखपाल ने भी गोवंश के बीमार होने पर पर्याप्त दवाई समय से उपलब्ध नहीं होने की बात कही। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने जब पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी आर वर्मा से इस संबंध में पूछताछ की, तो वह कोई जवाब नहीं दे पाए।
निरीक्षण के दौरान ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने खंड विकास अधिकारी मुजफ्फराबाद को मौके पर बुलाया, लेकिन वह एक घंटा बाद गो आश्रय स्थल पहुंचे। उनसे देरी से आने का कारण पूछा गया तो वह कोई जवाब नहीं दे पाए। निरीक्षण रजिस्टर में भी दो माह से खंड विकास अधिकारी द्वारा कोई निरीक्षण नहीं किया जाना अंकित पाया गया। सफाई व्यवस्था को लेकर भी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नाराज हुई। आश्रय स्थल पर गंदगी फैली थी। निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी को रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है। संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।