गांव में झगड़ने पर दोनों पक्षों पर पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। देहात कोतवाली के एक गांव में युवती के साथ दूसरे वर्ग के युवक द्वारा छेड़छाड़ की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। घटना को लेकर गांव में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। जिस पर पुलिस ने आरोपी पक्ष के आठ और लड़की पक्ष के दो लोगों को गिरफ्तार कर उनका शांति भंग में चालान कर दिया। जिसके विरोध में युवती पक्ष और बजरंग दल के लोगों ने रविवार देर रात को कोतवाली देहात पर हंगामा कर थाने के सामने जाम लगा दिया। बाद में मौके पर पहुंचे सीओ ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कर जाम खुलवाया।
देहात कोतवाली के एक गांव में शनिवार को एक युवती के साथ दूसरे वर्ग के युवक ने छेड़छाड़ कर दी थी। इसे लेकर पीड़ित पक्ष ने थाना देहात कोतवाली पर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर छेड़छाड़ की धारा में चालान कर दिया। घटना को लेकर रविवार को गांव में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। सूचना पाकर पुलिस गांव में पहुंची और आरोपी युवक पक्ष के आठ व युवती पक्ष के दो लोगों को पकड़ कर थाने पर ले आई। बाद में सभी का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया। इसकी जानकारी होते ही रविवार देर रात को युवती पक्ष के साथ ग्रामीण और बजरंग दल के कार्यकर्ता देहात कोतवाली पर पहुंच गए। इन्होंने युवती पक्ष के लोगों पर हुई कार्रवाई के विरोध में जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर सीओ द्वितीय नीरज सिंह मौके पर पहुंचे और किसी प्रकार लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर जाम खुलवाया।
- एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि आरोपी युवक का छेड़छाड़ के मामले में चालान कर दिया था। इसके बावजूद दोनों पक्ष गांव में भिड़ गए। इसीलिए दोनों पक्षों पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।