दिल्ली जामा मस्जिद के इमाम सैय्यद अहमद बुखारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दिल्ली जामा मस्जिद के इमाम सैय्यद अहमद बुखारी ने कहा कि इस्लाम और जेहाद के नाम पर कश्मीर सहित जिन जगहों पर कत्ल हो रहे हैं, वह मुसलमानों और इस्लाम को बदनाम कर रहे हैं। इस्लाम किसी को तंग करने की इजाजत नहीं देता।
आईएसआई, अमेरिका और इजराइल के इशारों पर इस्लाम को बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आतंकियों का कोई धर्म नहीं होता, मगर कुछ धर्म के ठेकेदार आतंक को संरक्षण देते हैं।
शनिवार को एमएलसी उमर अली खान के भाई के वलीमा में शिरकत करने पहुंचे शाही इमाम ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि मुल्क के हालात चिंताजनक हैं। ऐसे माहौल में मुसलमानों में मायूसी, निराशा और डर है।
यही कारण कि देश के मुसलमानों के भीतर लावा पक रहा है। ऐसे में हुक्मरानों की जिम्मेदारी है कि वे उन्हें सड़कों पर आने से रोकें। देश के मुस्लिम लीडरशिप को चाहिए कि वे सरकारों से बात करें और मेरा समर्थन उन्हें रहेगा। ताकि यह बात हम साबित कर सके कि हमें अपने मुल्क की ज्यादा फिक्र है। देश के इदारे और लीडरशिप को अगर माकूल जवाब नहीं मिलता तो वह आगे लिए सोचें।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री को बयान देने से आगे बढ़ना चाहिए और कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई करें। देश के वर्तमान हालात पर उनका कहना है कि जैसा हाल अभी देश है उसके लिए लीडरशिप जिम्मेदार है, जो लोगों को भड़काते हैं।
सत्ता में आने के बाद ऐसे लोगों के हौंसले बुलंद हो जाते हैं। मौजूदा हालात में मुसलमानों के दर्द को सरकारें समझें। उन्होंने कहा कि इस्लाम के नाम पर दुनिया में गलत काम भी किए जा रहे हैं और इसका रिएक्शन भी है। ऐसे लोगों को हमें अलग-थलग करना चाहिए।