सहारनपुर। डंपर के नीचे दबने से सात लोगों की मौत के मामले में गठित की गई कमेटी ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट सौंप दिया। कमेटी की जांच में सामने आया कि डंपर की रफ्तार काफी तेज थी। इससे अनियंत्रित होकर वह कार के ऊपर पलट गया, जिस कारण इतनी मौतें हुईं।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने हादसे के बाद अपर जिलाधिकारी प्रशासन और एसपी यातायात को हादसे की जांच करने के आदेश दिए थे। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने हादसे की बारीकी से जांच की। मौका मुआयना, चश्मदीदों से बातचीत और सीसीटीवी देखने के बाद अधिकारियों ने रिपोर्ट को जिलाधिकारी को सौंप दी। सौंपी रिपोर्ट में बताया कि कार अंडरपास के पास कुछ सेकेंड के लिए रुकी हुई थी, तभी पीछे से आ रहे डंपर ने कार को टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद डंपर का कुंडा खुल गया और बजरी के साथ वह कार पर पलट गया।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि यदि डंपर दूसरी ओर पलटा होता तो शायद जान न जाती। रिपोर्ट में अधिकारियों ने वाहन चालक और उसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करने की संस्तुति की है।
यह भी सामने आया कि डंपर के पास सभी वैध दस्तावेज थे। प्रशासन ने डंपर से गिरी बजरी का भी वजन कराया, जो करीब 54 टन निकली है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट को सौंप दिया गया है। पीड़ितों को सहायता दिलाने के लिए भी शासन से पत्राचार किया जा रहा है। तीन मृतकों के परिजनों को कृषक दुर्घटना योजना के अलावा मुख्यमंत्री राहत योजना के तहत सहायता राशि दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।