सहारनपुर। नकुड़ पुलिस ने अंतरराज्यीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई 15 भेड़, पांच हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल एक छोटा हाथी वाहन और भेड़ बेचकर खरीदी गई बाइक बरामद की गई है। वहीं, गिरोह का एक सदस्य पुलिस पर फायरिंग कर मौके से भाग गया।
पुलिस लाइन में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि 16 जून को नल्हेड़ा गांव निवासी संजय के बाड़े से 31 भेड़ चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मंगलवार को अंबेहटा-गंगोह मार्ग पर पुलिस टीम ने संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी और भाग गया, जबकि छह आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें शोएब अंसारी, नबी हसन उर्फ सुक्का, प्रदीप, छोटू उर्फ छोटन, सलीम और मोहित शामिल हैं। इनमें चार आरोपी उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र निवासी हैं, जबकि अन्य शामली और गाजियाबाद के रहने वाले हैं।
पूछताछ में मुख्य आरोपी शोएब ने मलकपुर गांव से एक भैंस चोरी करने की भी बात कबूल की। उसने बताया कि ईद से पहले भैंस को 50 हजार रुपये में बेच दिया गया था, जिसमें उसके हिस्से में 10 हजार रुपये आए थे। बरामद पांच हजार रुपये उसी रकम का हिस्सा हैं। इसके अलावा उसने हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र से दो अन्य भैंस चोरी करने की वारदात में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है।