सहारनपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज सोमवार को लोग घरों पर रहकर ही योग करेंगे। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर यह फैसला लिया है। हालांकि, तमाम संस्थाओं के पदाधिकारी और योग गुरु वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने 50 हजार लोगों को एक साथ जोड़कर योगासन करने का कार्यक्रम रखा है। वहीं, प्रशासन की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आरएसएस के क्षेत्र शारीरिक प्रमुख नरेश विकल ने बताया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक पूर्व सरसंघचालक डाक्टर केशव बलिराम हेडगेवार की पुण्यतिथि भी है। योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति का हिस्सा है। अनेक ऋषि-मुनियों व संतो के द्वारा लिखित ध्यान, योग चिकित्सा का साहित्य हमें उपलब्ध है। जीवन में आध्यात्मिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य व वर्तमान महामारी संक्रमण से मुक्ति के लिए दैनिक दिनचर्या में योग सम्मलित होना आवश्यक है।
सभी मंडलों में होगा कार्यक्रम
- विभाग शरीरिक प्रमुख संदीप खुराना ने बताया कि जनपद में बेहट, देवबंद जिले सहित महानगर के सभी 34 खंड- नगर, बस्ती- मंडल, गांव में 50 -50 संख्या के लगभग 300 समूहों के माध्यम से 13 हजार परिवारों के 50 लोग वर्चुअल रूप से योग कार्यक्रम से जुडेंगे। इसके लिए लिए 300 से अधिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग लिंक तैयार किये जा चुके हैं। है। इन लिंक से जुड़कर योग शिक्षक के निर्देशों से योग अभ्यास व संघठन मंत्र, गणगीत बौद्धिक के साथ परिवार योग कार्यक्रम होंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 83 यूपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सीएस कपकोटी के निर्देशन में कैडेट्स घरों में योग करेंगे। एसोसिएट एनसीसी अधिकारी ब्रिजेश पुंडीर, मेजर सुधीर कुमार चोंदियान, कैप्टन राजेश कुमार, चीफ आफिसर विनोद कुमार शर्मा, मनीष, दुर्गेश राज मोहन ने भी अपनी अपनी यूनिट के कैडेट्स को योगासन के लिए प्रेरित किया।