सहारनपुर। जनपद के खिलाड़ियों केे अगले दो माह में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सिंथेटिक ट्रैक मिलने जा रही है। ट्रैक के लिए दूसरी किस्त के तीन करोड़ रुपये मिलने के बाद निर्माण शुरू हो गया है। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय स्तर के सिंथेटिक ट्रैक वाला प्रदेश का पहला सरकारी स्टेडियम होगा।
केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत करीब ढाई वर्ष पहले सहारनपुर में सिंथेटिक ट्रैक का आवंटन हुआ था। सिंथेटिक ट्रैक पर कुल सात करोड़ रुपये की लागत आएगी। पहली किस्त के तीन करोड़ रुपये से ट्रैक पर काम शुरू हो चुका था, मगर कोरोना के कारण निर्माण कार्य रुक गया था। अब शासन ने तीन करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी कर दी है। किजसके बाद कार्यदायी संस्था ने काम शुरू कर दिया है। अगस्त 2021 तक ट्रैक को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ट्रैक पूर्ण होने के बाद जनपद में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं कराई जा सकेंगी। साथ ही जनपद के खिलाड़ियों को ट्रैक पर प्रेक्टिस करने का यह फायदा होगा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पहुंचने पर उनको परेशानी नहीं होगी।
ट्रैक बनाने की प्रक्रिया
- सिंथेटिक ट्रैक पर पत्थर पहले ही बिछाए जा चुके थे। अब डब्ल्यूबीएम (वाटर बोंड मकडेम) का कार्य चल रहा है। जिसमें मोटी बजरी से तारकोल की सड़क बनाई जा रही है। इंजीनियर शिव अवध ने बताया कि डब्ल्यूबीएम के बाद बीएम (बिटविनस मकडेम) का कार्य होगा, जिसमें छोटी बजरी बिछाई जाएगी। उसके बाद बीसी (बिटविनस कंकरीट) का कार्य चलेगा। चौथे नंबर पर सीलकोट का कार्य होगा और पांचवें व अंतिम नंबर पर सिंथेटिक रबर बिछाई जाएगी, जिसके बाद ट्रैक पूरा हो जाएगा।
यह भी होंगे कार्य
- ट्रैक तैयार होने के साथ ही ट्रैक के चारों ओर लोहे की जाली लगाई जाएगी, जिससे कोई जानवर ट्रैक को नुकसान न पहुंचा सकें। इसके अलावा ट्रैक के बीच में खाली पड़े मैदान को कंप्यूटर मशीन से समतल बनाकर मैदान विकसित किया जाएगा, जिससे ट्रैक की भी सुंदरता बढ़े।
---- वर्जन
सिंथेटिक ट्रैक की तीन करोड़ रुपये की किस्त मिल गई है। निर्माण कार्य शुरू हो गया है। अगस्त 2021 तक ट्रैक का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
-- प्रेम कुमार, प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी।