नकुड़ की नई बस्ती में टूटी सड़क। संवाद
नकुड़। कस्बे की नई बस्ती में करीब तीन साल पहले बनी इंटरलॉकिंग सड़क बारिश में ढहकर खेत में जा गिरी। वहीं मोहल्ला सादलगंज में बिजली का एक खंभा व नाले की दीवार उखड़ गई। कॉलोनी निवासी मोहम्मद खालिद, शाहरूख, मोहसीन, दिलशाद, गय्यूर, फुरकान आदि ने बताया कि सड़क बनते ही धंसने लगी थी। शिकायतों के बावजूद ठेकेदार ने सिर्फ लीपापोती कर काम निपटा दिया। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क को दोबारा मजबूती से बनवाने की मांग की है।
उधर, मोहल्ला सादलगंज स्थित सीएचसी रोड पर नसीम, शादाब, इमरान, साजिद आदि ने बताया कि बारिश के दौरान एक पुराना बिजली का खंभा उखड़कर सामने के मकान के लिंटर पर जा टिका, जिससे बड़ा हादसा टल गया। साथ ही पास की नाले की दीवार भी गिर गई। लोगों ने बताया कि नई विद्युत लाइन पुरानी कमजोर पोल पर ही डाल दी गई थी, जो पहले से ही झुका हुआ था। बारिश में उसका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। नागरिकों ने नगर पालिका और विद्युत निगम से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है।