सहारनपुर। यूपी बोर्ड में इस बार के हाईस्कूल और इंटरमीडिएड के परिणाम को लेकर कुछ विद्यार्थी आपत्ति दर्ज करा रहे हैं। ऐसे में विभाग ने माध्यमिक विद्यालयों को उत्तर पुस्तिकाएं संभालकर रखने के निर्देश दिए हैं।
कोरोना के चलते इस बार बोर्ड परीक्षाएं नहीं कराई गई हैं। कक्षा दस के विद्यार्थियों को कक्षा नौ तथा दसवीं की प्री बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम के आधार पर उत्तीर्ण किया गया है। इसी प्रकार 12वीं के विद्यार्थियों को 11वीं की अर्द्धवार्षिक और वार्षिक तथा 12वीं की प्री बोर्ड परीक्षाओं के अंकों के आधार पर पास किया गया है। मगर प्राप्तांकों को लेकर विद्यार्थी प्रदेश स्तर पर आपत्ति दर्ज करा रहे हैं। ऐसी स्थिति में विद्यालयों को उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षित रखने को कहा गया है, जिससे समस्याओं का निस्तारण किया जा सके। यहां भी जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त के द्वारा सभी माध्यमिक विद्यालयों को पत्र जारी कर उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षित रखने को कहा गया है।