बेहट(सहारनपुर)। शाकंभरी देवी मंदिर मार्ग पर बुधवार शाम श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई जबकि 31 श्रद्धालु घायल हुए। इन्हें सीएचसी भेजा गया। वहां से 20 घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसा कोतवाली बेहट क्षेत्र में बड़वाला और भागूवाला गांव के बीच स्थित पुलिया के समीप हुआ। सरसावा क्षेत्र के गांव कलरी निवासी पुष्पेंद्र की पत्नी रानी को नौ साल बाद पुत्री पैदा हुई। इस खुशी में पुष्पेंद्र और उसकी पत्नी रानी परिजनों एवं रिश्तेदारों के साथ दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भंडारा करने शाकंभरी देवी मंदिर गए थे। वहां से लौटते समय ट्रैक्टर चालकों के बीच एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ लग गई। जिसमें एक ट्रैक्टर का चालक नियंत्रण खो बैठा। जिसके परिणामस्वरूप ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में पलट गई। इससे श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की जानकारी पाकर एसडीएम दीप्ति देव पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बेहट भिजवाया। वहां पांच वर्षीय मासूम अक्षत पुत्र जगवीर निवासी सतीवाला रामपुर मनिहारान को मृत घोषित कर दिया। केंद्र प्रभारी डॉ. नितिन कंदवाल ने बताया कि 20 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि 11 घायलों का सीएचसी पर उपचार किया जा रहा है।
मृतक
-अक्षत (5) पुत्र जगवीर निवासी सतीवाला रामपुर मनिहारान
-घायल
तनुजा (15), सोमवती, प्रीति, भीम सिंह, रानी, पुष्पेंद्र, पुष्पा, ललित (12), उर्मिला देवी, अरुण, तमन्ना (8), कल्पना, अक्षय (19), विशाल (16), अंकित, मनोज, सुनील निवासी कलरी थाना सरसावा, विशाल (22) पुत्र भुवनेश व उसकी पत्नी कुशक निवासी शेखपुरा थाना बेहट, शुभम (19) पुत्र किशोरीलाल व तेजपाल निवासी गांव जाटोवाला थाना मिर्जापुर, राजन पुत्र देशराज रामपुर मनिहारान।
घायलों की मदद की
हादसे की जानकारी पाकर सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसैन, बेहट नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल रहमान व सामाजिक संस्था समर्पण की संस्थापक प्रियंवदा राणा घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की। इसके बाद उन्होंने सीएचसी बेहट पहुंचकर घायलों का हाल जाना।