सहारनपुर। हरिद्वार में सहारनपुर के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार करने लगे। इसी बीच युवक के ससुराल पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। थाना कुतुबशेर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना कुतुबशेर के गांव पीरमाजरा निवासी रवि और उसका परिवार कुछ वर्ष पूर्व जनपद हरिद्वार के बाहदराबाद चले गए थे। रवि वहीं पर नौकरी करता था। सोमवार को बाहदराबाद में रवि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार को परिजन शव लेकर हरिद्वार से पीरमाजरा पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी बीच रवि की ससुराल के पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर थाना कुतुबशेर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ प्रथम चंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर बिसरा रिजर्व कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।