सरसावा (सहारनपुर)। शाहजहांपुर चौकी क्षेत्र में हाईवे पर स्थित एक ढाबे में काम करने वाला व्यक्ति संदिग्ध रूप से ढाबे में ही अपने कमरे घायल अवस्था में मिला। ढाबा मालिक द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस घायल को उठाकर अस्पताल ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पत्नी ने ढाबा मालिक तथा एक कर्मचारी पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
बुधवार देर रात सरसावा थाना के शाहजहांपुर चौकी क्षेत्र में हाईवे किनारे कृष्णा ढाबे पर काम करने वाला इसम सिंह (55) सिर में गहरी चोट के चलते ढाबे में स्थित कमरे में ही घायल अवस्था में पड़ा मिला। ढाबे पर काम करने वाले नौकरों द्वारा बताने पर ढाबा मालिक ने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घायल को अस्पताल लेकर पहुंची जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। ढाबा मालिक ने पुलिस को बताया कि मृतक ग्राम सतीवाला का निवासी था। पुलिस द्वारा जानकारी दिए जाने के पश्चात मृतक की पत्नी कमलेश परिजनों के साथ सरसावा थाने पहुंची तथा ढाबा मालिक तथा एक नौकर पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सरसावा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर भी प्राप्त नहीं हुई है।