सहारनपुर। कमीशन के लालच में ग्राहकों की राशि को सीधे जमा न करने पर डाक विभाग में कार्यरत सब पोस्टमास्टर और डाक सहायक को निलंबित किया गया है। दोनों को एसपी डाक कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
सब पोस्टमास्टर मनोज गुप्ता और डाक सहायक पंकज गुप्ता पर कमीशन लेकर राशि जमा करने का आरोप था। शिकायतकर्ता ने अपने पत्र में बताया था कि आरोपी बचत योजनाओं में ग्राहकों की राशि सीधे जमा नहीं करते थे। डाक विभाग में रकम जमा करने के दो तरीके हैं। पहले तो ग्राहक स्वयं डाकघर जाकर योजनाओं में राशि को जमा कर सकते हैं। दूसरे तरीके से ग्राहक एजेंट के जरिए योजनाओं में राशि जमा होती है। इसमें एजेंट को कमीशन मिलता है। दोनों कर्मियों ने इसी बात का फायदा उठाते हुए ग्राहकों की रकम को सीधे जमा न कर, एजेंट के जरिये जमा कराए। साथ ही कमीशन भी लिया। शिकायत के बाद विभागीय जांच में आरोप सही पाए। इसके बाद एसपी डाक ईसम सिंह ने कार्रवाई करते हुए दोनों को कार्यालय से संबद्ध किया है।