सहारनपुर। कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर जिला एवं सत्र न्यायाधीश परिसर में प्रवेेश के लिए वादकारियों का गेट पर ही पास बनवाने की व्यवस्था की गई है। मगर यहां पास के लिए आवेदन फार्म भरवाने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। यह मामला संज्ञान में आने के बाद बार संघ के पदाधिकारियों ने जिला जज सर्वेश कुमार से इसकी शिकायत की है। इसके साथ ही खुद ही निगरानी करने का निर्णय लिया है।
बार संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान और महासचिव राजीव गुप्ता की ओर से बताया गया कि वादकारी अपने कार्य के लिए अधिवक्ताओं के चेंबरों तक आते हैं। वर्तमान की पास व्यवस्था में वादकारियों को परेशानी हो रही है। काउंटर पर पास बनवाने वालों की लंबी कतार लग जाती है। इसमें सोशल डिस्टेंसिंग का भी अनुपालन नहीं हो पाता है। कुछ बाहरी लोग पास बनवाने का फार्म भरवाने के लिए 50 से 100 रुपये तक वसूल रहे है। इसलिए शुक्रवार से पास की व्यवस्था बार संघ की निगरानी में ही की जाएगी। बार संघ के पदाधिकारी, अधिवक्ता या मुंशी की देखरेख में प्रवेश के लिए आवेदन फार्म भरवाएंगे ताकि अवैध वसूली न हो और न ही किसी को अनावश्यक परेशानी हो।