तीतरो/बड़गांव (सहारनपुर)। किसानों ने सरकार पर खाद की पर्याप्त आपूर्ति नहीं किए जाने और समिति के द्वारा खाद वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए समिति प्रबंधन को पुलिस बुलानी पड़ी। उसके बाद ही वितरण हो सका। इस दौरान किसानों ने यूरिया खाद लेने की आपाधापी में सामाजिक दूरी के नियम को भी ताक पर रख दिया।
बुधवार को तीतरो के महंगी स्थित किसान सेवा सहकारी समिति के गोदाम पर सैकड़ों किसान पहुंचे। इनमें शामिल रविन्द्र चौधरी, ऋषिपाल, अजय कुमार, तेजपाल सिंह, शोसिंह, यशपाल, अनिल कुमार, महेंद्र सागांठेड़ा, सतीश सैनी आदि ने यूरिया खाद के लिए अपने आधार कार्ड को खाद वितरण इंचार्ज देवेंद्र कुमार को दिए। वितरण इंचार्ज ने उन्हें बताया कि पहले ही पर्याप्त संख्या में बुकिंग हो चुकी है। इस पर नाराज किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि समिति के कर्मचारी अपने लोगों के लिए यूरिया को अलग गोदाम में रखवा देते हैं और बाद में मनमाफिक वितरण करते हैं। हंगामा बढ़ता देख मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। उधर समिति के एमडी अंकुर शर्मा ने कहा कि वितरण में धांधली के आरोप मिथ्या हैं। तीतरो के खानपुर अफगानान में भी यूरिया किल्लत को लेकर किसानों ने समिति कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
बड़गांव की सहकारी समिति मिर्जापुर पर भी यूरिया लेने पहुंचे किसानों ने सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन किया। किसान बॉबी, रमेश, कानसिंह, सुखपाल, शिवकुमार, संदीप, अभय सिंह, रणबीर सिंह आदि ने बताया कि लॉकडाउन में समय से यूरिया समितियों में नहीं पहुंच पाया है, इसलिए फसलों को समय से यूरिया नहीं मिल पाने के कारण वह प्रभावित हो रही हैं। सहकारी समिति मिर्जापुर अंबेहटाचांद के सचिव धर्मपाल सिंह ने बताया कि समिति के 60 प्रतिशत किसानों को लॉकडाउन से पहले यूरिया उपलब्ध कराई गई थी। बुधवार को यूरिया खाद के छह सौ कट्टे प्राप्त हुए हैं, जिनका वितरण किया जा रहा है।
महंगी समिति में यूरिया लेने के दौरान किसानों को व्यवस्थित करते पुलिसकर्मी।- फोटो : SAHARANPUR