बीडीएम इंटर कॉलेज में उप्र मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ की बैठक लेते डा अशोक मलिक
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ की बैठक लेबर कॉलोनी स्थित बीडीएम इंटर कॉलेज में हुई। प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक मलिक ने कहा कि यदि सरकार ने 26 जनवरी तक कक्षा एक से आठ तक के विद्यालय खोलने के आदेश जारी नहीं किए तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगा।
मलिक ने कहा कि विद्यालय नहीं खुलने की वजह से संचालकों की आय का जरिया खत्म हो गया है। ऐसे में वह भवनों के बिजली के बिल, भवन टैक्स आदि नहीं चुका पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कक्षा एक से आठ तक के विद्यालय बंद रहने से विद्यालय संचालकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। संगठन सरकार ने आर्थिक पैकेज की मांग कई बार कर चुका है, मगर सरकार मांग मानने को तैयार नहीं है। जल्द ही संगठन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ जाएगा। यदि विद्यालय 26 जनवरी तक नहीं खुलते हैं या आर्थिक पैकेज नहीं जारी होता है तो संगठन अभिभावकों को साथ लेकर आंदोलन करने को मजबूर होगा। बैठक में समरीन फात्मा, केपी सिंह, प्रवीण गुप्ता, प्रवेंद्र खोकर, मोहन सिंह, नवीन शर्मा, कर्मवीर सिंह, एसके चौहान, वीरेंद्र सिंह, अमजद, सरफराज आदि मौजूद रहे।
खेल प्रतियोगिताएं कराई
सहारनपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा 12 के लड़कों के लिए क्रिकेट मैच और लड़कियों के लिए बैडमिंटन प्रतियोगिता कराई गई। प्रधानाचार्य सुरेखा ने दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के प्रदर्शन को सराहा। इसके अलावा बीते वर्ष के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और मेडल भी प्रदान किए गए। इस मौके पर शिवानी टक्कर सहित सभी शिक्षक और स्टाफ मौजूद रहा।