पिलखनी में जनसभा को संबोधित करते औवेसी
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा/गागलहेड़ी (सहारनपुर)। एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मुसलमान यदि एकजुट हो जाए तो प्रदेश की सत्ता उसके हाथ में होगी। अब तक 19 फीसदी आबादी वाला मुसलमान केवल इस्तेमाल किया जाता रहा है। किसी भी राजनीतिक दल ने मुसलमानों के भले के लिए कुछ नहीं किया।
ओवैसी ने शुक्रवार को नकुड़ विधानसभा सीट से एआईएमआईएम प्रत्याशी रिजवाना के समर्थन में अंबाला रोड पर ग्राम पिलखनी तथा सहारनपुर देहात से प्रत्याशी मरगूब अली के समर्थन में गांव खुर्द में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, यूपी के दबे कुचले अति पिछड़े तथा अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय के लोगों के हकोहुकूक की लड़ाई लड़ने के लिए बाबू सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में भागीदारी परिवर्तन मोर्चा का गठित किया गया है, जो इस चुनाव में अपनी सार्थकता को सिद्ध करेगा। सपा, बसपा और कांग्रेस ने मुसलमानों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल कर सत्ता हासिल की, जब उन्हें नेतृत्व देने का मौका आया तो ये पार्टियां मुसलमानों को ठेंगा दिखा देती हैं। उन्होंने कहा यदि वे संगठित होकर चुनाव लड़ें तो वह अवसरवादी पार्टियों को धूल चटा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भागीदारी परिवर्तन मोर्चा प्रदेश की सत्ता हासिल करता है तो ढाई साल के लिए बाबू सिंह कुशवाहा को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा तथा बाकी ढाई साल में दलित समाज का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। तीन उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे जिसमें एक अल्पसंख्यक मुस्लिम समाज का तथा दो अति पिछड़े वर्ग के व्यक्ति होंगे।
आधे घंटे तक हेलिकॉप्टर में बैठे रहे ओवैसी
सरसावा। पिलखनी में दोपहर 1:30 बजे ओवैसी अपना भाषण समाप्त कर हेलिकॉप्टर में जा बैठे, परंतु एटीसी से क्लीयरेंस न मिलने के कारण उनका हेलिकॉप्टर आधा घंटा तक हेलीपैड पर ही खड़ा रहा। दोपहर 2:05 पर क्लीयरेंस मिलने के पश्चात ही हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी।