देवबंद। उत्तर प्रदेश के लोकनिर्माण विभाग राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने सहारनपुर सांसद इमरान मसूद के ईवीएम को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया है। राज्यमंत्री ने कहा कि सांसद अगर ईवीएम को दोषी ठहरा रहे हैं तो उन्हें अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।
दरअसल, एक चैनल को दिए साक्षात्कार में सांसद इमरान मसूद ने हाल ही में कई राज्यों में संपन्न हुए उपचुनाव के नतीजों पर सवाल खड़े किए थे।
उन्होंने कहा था कि जब ईवीएम में गड़बड़ी की लगातार शिकायतें मिल रही है तो बैलेट से चुनाव क्यों नहीं कराए जाते। जिस पर मंगलवार को पलटवार करते हुए राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि उसी ईवीएम की मतगणना के कारण ही वे (इमरान मसूद) यहां से सांसद निर्वाचित हुए हैं। जब उनका निर्वाचन हुआ था, तब ईवीएम सही थी।
अगर महाराष्ट्र में ईवीएम के माध्यम से वहां की जनता ने उनके दल द्वारा फैलाए गए भ्रम को दूर करके भाजपा और महायुति के गठबंधन को दो तिहाई बहुमत से ज्यादा संदेश दिया तो ईवीएम खराब। बृजेश सिंह ने कहा कि उनका रोना यही है कि जहां उनकी सरकार बने वहां ईवीएम में खराबी नहीं और जहां-जहां भाजपा या उसके गठबंधन की सरकार बने वहां ईवीएम में खराबी है।