फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीएससी छात्रा की मौत मामला: निवर्तमान प्रधान का पति गिरफ्तार, पीड़ित परिवार से मिलीं सांसद इकरा हसन

Wed, 26 Aug 2026 01:15 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर

सार

सहारनपुर के गंगोह में बीएससी छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में निवर्तमान ग्राम प्रधान के पति समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। धमकी के आरोपों के बीच परिजनों ने न्याय की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सहारनपुर जनपद के गंगोह में बीएससी छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने निवर्तमान प्रधान के पति को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सोमवार रात अभिषेक उर्फ कृष्ण कुमार को पकड़ लिया था। इधर, समाज के लोगों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर छात्रा की अस्थियों का विसर्जन नहीं करने की घोषणा की थी। दूसरे आरोपी के पकड़े जाने पर ही परिजन व समाज के लोगों ने अस्थियों का विसर्जन किया।

विज्ञापन


मंगलवार को अस्थियां एकत्र करने के लिए बड़ी संख्या में समाज के लोग गांव पहुंचे। इस दौरान हुई बैठक में पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई।

बैठक में भाजपा नेता एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य जगदीश पांचाल ने कहा कि घटना को लेकर समाज में गहरा रोष है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

विज्ञापन

ओमपाल पांचाल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। समाज के लोगों ने घोषणा की थी कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को निवर्तमान ग्राम प्रधान के पति को भी गिरफ्तार कर लिया।

मिल रहीं धमकियां, एसएसपी कार्यालय पर तेरहवीं की चेतावनी
बैठक में परिवार ने समाज के लोगों को बताया कि गांव के कुछ युवक चुप रहने और शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

समाज ने निर्णय लिया कि यदि दो दिन के अंदर धमकी देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो बेटी की तेरहवीं एसएसपी कार्यालय पर होगी। वहीं, परिजनों का आरोप है कि निवर्तमान प्रधान के घर बुलाकर छात्रा के साथ दरिंदगी की गई। जल्द ही समाज के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा।
विज्ञापन

मृतका के परिवार से मिलीं सपा सांसद इकरा हसन
मंगलवार को सपा सांसद इकरा हसन मृतका के घर पहुंचीं। उन्होंने छात्रा की मां समेत परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और शोक संवेदना व्यक्त की। परिजनों ने सांसद को अपनी पीड़ा बताते हुए न्याय की मांग की।

यह था मामला
एक गांव निवासी 20 वर्षीय बीएससी छात्रा की 22 अगस्त की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतका की मां ने अभिषेक उर्फ कृष्ण कुमार पर बेटी पर शादी के लिए दबाव बनाने और निवर्तमान ग्राम प्रधान के पति पर भी परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।

तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। छात्रा की मौत मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी मामले में साक्ष्यों के आधार पर एक-एक बिंदु की जांच चल रही है। - मयंक पाठक, एसपी देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें