उत्तर प्रदेश के देवबंद में उत्तराखंड बार्डर से सटे जहीरपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है की उक्त व्यक्ति तीन माह से ससुराल में रह रही पत्नी को लेने गया था, लेकिन ससुरालियों ने उसे भेजने से इंकार कर दिया। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है।
जहीरपुर गांव निवासी व्यक्ति की शादी करीब एक वर्ष पूर्व जनपद मुजफ्फरनगर में हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन रहने लगी। बताया जाता है की इसी के चलते लगभग तीन माह पूर्व उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। कई दिन पूर्व वह उसे लेने ससुराल गया था।
चर्चा है की ससुरालियों ने पत्नी को भेजने से इंकार कर दिया और अभद्रता करते हुए उसके साथ मारपीट भी की। इसी से आहत व्यक्ति ने मंगलवार की रात्रि घर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजनों ने उसे मुजफ्फरनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
इंस्पेक्टर का कहना है की मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस को गांव में भेजा गया था, जहां पूछताछ करने पर पता चला कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मृतक के परिजनों ने लिखित में दिया है की वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते।