सहारनपुर मंडल के तीनों जिलों में इस बार शरदकालीन गन्ना बुवाई में पिछले साल की अपेेक्षा सौ प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अधिकारियों का मानना है कि ये वृद्धि अभियान से किसानों में आई जागरूकता की वजह से हुआ है।
उप गन्ना आयुक्त सत्येंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष मंडल में 4321.60 हेक्टेयर क्षेत्रफल में शरद कालीन गन्ना बुवाई हुई है। पिछले साल वर्ष के तीनों जिलों में मात्र 525 हेक्टेयर क्षेत्रफल में शरद कालीन गन्ना बोया गया था।
इस प्रकार शरद कालीन गन्ना बुवाई में सौ प्रतिशत से भी अधिक की वृद्घि हुई है। सहारनपुर में इस साल 963 हेक्टेयर शरद कालीन गन्ना बोया गया है, जबकि पिछले वर्ष मात्र 180 हेक्टेयर ही बोया गया था।
मुजफ्फरनगर में पिछले साल 276 हेक्टेयर और इस बार 2753 हेक्टेयर गन्ना बोया गया है। इसी प्रकार शामली में पिछले वर्ष 68.95 हेक्टेयर और इस वर्ष 594.60 हेक्टेयर गन्ना बोया गया है।
बताया कि तीनों जिलों में पहले किसान शरदकालीन गन्ना बुवाई को लेकर जागरूक नहीं थे। विभाग द्वारा गन्ना किसानों की जागरूकता के लिए विपिन कुमार द्विवेदी के निर्देशन में खेतों से चौपालों तक चलाए गए अभियान की वजह से किसानों में जागरूकता आई, जिसका नतीजा सबके सामने है।
बताया कि वसंत काल यानी फरवरी-मार्च महीने में गन्ना बुवाई में 20 फीसदी वृद्घि का लक्ष्य लेकर अभियान शुरू कर दिया गया है।