तीतरों। खेतों की एचटी लाइन के तार एलटी लाइन पर गिरने से फतेहचंदपुर गांव के घरों में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। इससे 20 से ज्यादा ग्रामीणों के बिजली उपकरण फुंक गए। विद्युत निगम की लापरवाही से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।
ग्राम फतेहचंदपुर में शुक्रवार की देर शाम कृषि फीडर की आपूर्ति चल रही थी। जबकि गांव की आपूर्ति रोस्टिंग में थी। ग्राम प्रधान प्रीति चौधरी ने बताया कि गांव से बाहर एचटी लाइन के ठीक नीचे से एलटी की लाइन है, जिस पर जाल नहीं लगाया गया है। खेतों की लाइन ओवरलोड होने से टूटकर गांव की लाइन से टकरा गई, जिससे आधे गांव में हाईटेंशन का करंट प्रवाहित हो गया और लोगों के बंद पड़े बिजली उपकरण फुंक गए। गांव के चौधरी भंवर सिंह ने बताया कि वह एक सप्ताह पूर्व ही कूलर खरीदकर लाया था, जिसकी मोटर में आग लग गई। फ्रीज भी खराब हो गया। गांव के मुकेश कुमार ने बताया कि वह बरामदे में पंखा चलाकर सोया था। वह उठकर पानी पीने ही गया था कि छत के पंखे में आग लगकर वह टूटकर गिर गया।
हाईटेंशन करंट के कारण गांव के ही जसविंद्र सिंह, राजकुमार शर्मा, विपिन कुमार, राजपाल सिंह, दिनेश कुमार व ग्राम प्रधान प्रीति चौधरी सहित 20 से ज्यादा ग्रामीणों के बिजली उपकरण फुंक गए। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ देर पहले ही संविदाकर्मी लाइनमैन सुरेंद्र एलटी लाइन के तारों को ठीक करके नीचे उतरा था ,जिसके बाद एचटी लाइन का करंट गांव में फैल गया।
उधर, अवर अभियंता अवधेश कुमार ने बताया कि बड़े विद्युत पोल लगाने के लिए प्रस्ताव बनाकर अधिकारियों को भेजा है, जिससे में दूरी बन सके और जाल लगाया जा सके।