सहारनपुर। जिले में भू-गर्भ जल स्तर बढ़ाए जाने की कवायद तेज की गई है। इसके तहत जनपद के 11 ब्लॉकों की 884 ग्राम पंचायतों में हर सरकारी भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाने हैं, लेकिन बजट के अभाव में पहले भी योजना दम तोड़ चुकी है। एक वर्ष पूर्व सभी विद्यालयों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन 10 प्रतिशत विद्यालयों में ही सिस्टम लग पाए हैं।
जनपद की 884 ग्राम पंचायतों में नए 300 ग्राम सचिवालय और 810 सामुदायिक शौचालय बनाए गए हैं। इसके अलावा पंचायत भवनों और कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों का भी जीर्णोद्धार हुआ है। जिले में बीते चार चालों में भूगर्भ जल स्तर 20 मीटर तक नीचे गया है। ऐसे में सरकार ने वर्षा के जल के संचयन के लिए कई प्लान तैयार किए गए। इनमें सबसे पहले प्रत्येक रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की योजना रखी गई।
जिले में सरकारी नए निमार्णों में तो रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जा रहे हैं, लेकिन पिछले वर्ष जनपद के सभी 1350 प्राथमिक विद्यालयों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जो पूरा ही नहीं हो पाया है। पहले चरण में 500 प्राथमिक विद्यालयों में यह योजना पूरी होनी थी, लेकिन बजट के अभाव में योजना दम तोड़ गई। जनपद में मात्र 10 प्रतिशत विद्यालयों में ही अभी मॉडल के रूप में भूगर्भ जल विभाग की ओर से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए गए, लेकिन बजट न होने की वजह से योजना आगे नहीं बढ़ पाई है। वहीं, सूत्रों की मानें तो सिर्फ खानापूर्ति की गई है।
जल्द पूरी कराएंगे योजना
सहारनपुर। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार का कहना है कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाने की योजना में कोरोना काल की वजह से दिक्कत आई थी। शासन से इसके लिए अलग से बजट भी मांगा जाएगा और योजना को पूरा कराया जाएगा। प्रत्येक सरकारी भवन पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जाए जाएंगे।