सहारनपुर में अदालत में पेशी पर आया हिस्ट्रीशीटर वसीम उर्फ मॉडल पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया। हिस्ट्रीशीटर उस समय फरार हुआ जब एक सिपाही पेशी से उसे पैदल ही लेकर जा रहा था। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बदमाश पर हत्या समेत कई अन्य संगीन अपराधों के करीब 29 मामले दर्ज हैं।
खान आलमपुरा निवासी वसीम उर्फ मॉडल जनकपुरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जो करीब नौ माह से हत्या के मामले में जेल में बंद है। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एडीजे-3 की अदालत में पेशी के बाद एक सिपाही हथकड़ी लगाकर ले जा रहा था। अदालत परिसर में बदमाश ने किसी तरह हथकड़ी से हाथ निकाला और पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग गया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक व अन्य कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाश की तलाश में जिले भर में अभियान चलाया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
160 रुपयों के लिए की थी हत्या
हिस्ट्रीशीटर ने 26 जुलाई 2023 को बेहट रोड पर चिकन की दुकान चलाने वाले शालू आलम के साथ 160 रुपये को लेकर विवाद हो गया था। उस समय हिस्ट्रीशीटर ने अपना सिर फोड़ लिया था और थाने जाकर दुकानदार के खिलाफ शिकायत दी थी। अगले दिन दुकानदार ने भी शिकायत दी थी। इसी रंजिश के चलते सात दिन बाद वसीम उर्फ मॉडल ने अपने नौ साथियों के साथ मिलकर दुकानदार शालू आलम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक-एक कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: RLD के गढ़ में कौन मारेगा बाजी? : इन दो विधानसभाओं पर टिकीं निगाहें, यहीं से होगी हार-जीत, पढ़िए पूरी रिपोर्ट