देवबंद से लेकर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई
एसएसपी ने जारी की एडवाइजरी, अफवाह फैलाई तो जाएंगे जेल
व्यापारियों ने बदला दिल्ली जाने का कार्यक्रम, ट्रांसपोर्टर भी बेचैन
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। दिल्ली के कई क्षेत्रों में हिंसा बढ़ने के बाद देवबंद से लेकर पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सोमवार की रात से ही सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस और खुफिया विभाग की निगरानी टीमों को तैनात कर हर गतिविधि पर फीड बैक देने को कहा गया है। इसके साथ ही एसएसपी दिनेश कुमार ने एडवाइजरी जारी कर चेतावनी दी कि यदि किसी शख्स या संगठन ने सीएए या अन्य मुद्दे पर कोई अफवाह फैलाई या सोशल मीडिया पर विवादित सामग्री डालकर माहौल प्रभावित करने की कोशिश की तो तुरंत कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
व्हाट्सएप, फेसबुक सहित सोशल मीडिया से जुड़े 700 से अधिक ग्रुपों को रडार पर रखा गया है। सर्विलांस टीम के साथ ही साइबर सेल इनकी निगरानी कर रही है। इन ग्रुपों में सबसे अधिक ऐसे लोग शामिल हैं जो सीएए के विरोध या समर्थन में हंगामा करते रहे हैं। इनके अलावा किसी न किसी रूप में इन मुद्दों पर अधिक सक्रिय रहे हैं।
1200 से 1500 व्यापारी हर सप्ताह जाते हैं दिल्ली
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विमल विरमानी बताते हैं कि साप्ताहिक अवकाश मंगलवार को ज्यादातर व्यापारी कारोबार के सिलसिले में दिल्ली के अलग-अलग बाजारों में जाते हैं। अब दिल्ली में हिंसा बढ़ने से उनके कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं। अधिकतर व्यापारी अब अगले सप्ताह जाने का मन बना चुके हैं।
व्यापारियों के माल और वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करे सरकार
सहारनपुर ट्रांसपोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रित चावला और महामंत्री ललित पोपली कहते हैं कि दिल्ली या अन्य शहरों में जो हिंसा हो रही है, उनमें काफी संख्या में वाहनों को जलाया जा रहा है। यह सबसे चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि इस हालात से व्यापारी और ट्रांसपोर्टर चिंतित हैं। इसलिए सरकार यह सुनिश्चित करे कि दिल्ली या अन्य जगहों पर जाने वाले माल ढोने वाले वाहनों की सुरक्षा की जाए, जिससे ट्रांसपोर्टर या व्यापारी को नुकसान न हो।
रिश्तेदारों का पूछते रहे हालचाल
जेवी जैन कालेज रोड निवासी आशीष कुमार और सचिन ने बताया कि उनकी दिल्ली में कई रिश्तेदारियां हैं। दिल्ली में हिंसा के हालात के बाद उन्होंने रिश्तेदारों और परिचितों से बात कर सुरक्षित रहने को कहा है। इसी तरह शहर के अन्य हिस्सों में लोग वहां के हालात के बारे में जानकारी जुटाते रहे।
ट्रेनों में यात्रियों पर पड़ा कुछ असर
कुछ दिन से चल रहे कई तरह के ब्लाक से ट्रेेेनों का संचालन तो पहले से ही प्रभावित चल रहा है। लेकिन अब दिल्ली में हिंसा की खबरों के बीच इस ओर जाने वाली गाड़ियों में सफर को लेकर यात्रियों की भी चिंता बढ़ी है। इस रूट पर मुजफ्फरनगर, मेरठ और दिल्ली तक जाने वाले यात्रियों में भी मंगलवार को कुछ कमी नजर आई। बुकिंग विंडो पर पहले से कम भीड़ रही।
हालात को देखते हुए पुलिस सतर्क : एसएसपी
एसएसपी दिनेश कुमार का कहना है कि दिल्ली और अलीगढ़ में हिंसा के बाद जिले में भी पुलिस और अन्य टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। आम जनमानस के लिए एडवाइजरी जारी कर दी गई है। शांति और कानून व्यवस्था प्राथमिकता में है। इस मामले में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है।