सहारनपुर। कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीज के साथ परिजनों के रुकने की अनुमति नहीं होती है। ऐसी स्थिति में परिजनों को मरीजों के स्वास्थ्य की सही जानकारी नहीं मिल पाती है। मरीज के साथ अनहोनी होने पर परिजन अस्पतालों पर मरीज के बारे में कोई जानकारी नहीं देने जैसे आरोप लगाते रहे हैं। मगर अब ऐसा नहीं होगा। शासन ने कोविड अस्पतालों में कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करने के आदेश दिए हैं। हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारी प्रतिदिन फोन के माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी परिजनों को देगा।
अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक कोविड अस्पताल में कोविड हेल्प डेस्क स्थापित की जाए। हेल्प डेस्क में कंप्यूटर तथा मोबाइल उपलब्ध उपलब्ध रहेगा। अस्पताल परिसर में साइनेज के माध्यम से कोविड हेल्प डेस्क को प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा। आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्यरत आरोग्य मित्र को हेल्प डेस्क पर तैनात किया जाएगा। डेस्क सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक क्रियाशील रहेगी। इस अवधि में आरोग्य मित्र डेस्क पर उपलब्ध रहेगा। कोविड अस्पताल में भर्ती मरीजों की सूची तथा उनके स्वास्थ्य से संबंधित जरूरी जानकारी निर्धारित प्रारूप पर प्रत्येक दिन के हिसाब से सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक डेस्क पर उपलब्ध रहेगी। इसके लिए चिकित्सालय में एक जूनियर डॉक्टर/नोडल अधिकारी को नामित किया जाएगा, जो भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की स्थिति के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराएंगे। डेस्क पर तैनात आरोग्य मित्र मरीजों के परिजनों को फोन के माध्यम से मरीज के स्वास्थ्य की जानकारी देंगे। यदि परिजन डेस्क पर आते हैं तो उन्हें भी मरीज के संबंध में जानकारी आरोग्य मित्र देगा।
-------
आरोग्य मित्र के लिए
हेल्प डेस्क पर तैनात मित्र को अस्पताल द्वारा पर्सनल प्रोजेक्शन किट दी जाएगी। जिसमें फेस मास्क, फेस शील्ड, सैनिटाइजर आदि शामिल रहेंगे। आरोग्य मित्र को प्रतिमाह 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जो उनके नियमित मानदेय के अतिरिक्त होगी।
------
कोविड हेल्प डेस्क के लिए सभी सरकारी और गैर सरकारी कोविड अस्पतालों को कई दिन पहले पत्र भेजा जा चुका है। यदि किसी अस्पताल ने अभी तक डेस्क स्थापित नहीं की है तो उनसे जवाब मांगा जाएगा।
डॉ. बीएस सोढ़ी, सीएमओ